सरहद पर प्रतिभा
अंग्रेज़ी से अनूदित। मूल पढ़ें

पिछले साल दस लाख से ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने अमेरिका में पढ़ाई की और अर्थव्यवस्था में $40 बिलियन से ज़्यादा का योगदान दिया। हेल्थ साइंसेज़, इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस में सभी ग्रेजुएट छात्रों में आधे से ज़्यादा वही हैं। वे यहाँ के मेहमान नहीं हैं। अमेरिका नाम के इस प्रयोग को लिखने वालों में वे भी शामिल हैं।

यह ग्राफ़ एक दशक के दौरान आर्थिक योगदान, दाख़िलों के आँकड़े और इनसे पैदा हुई नौकरियाँ दिखाता है। (स्रोत NAFSA.org)
फिर भी, वे दिन-ब-दिन शक के साये में जी रहे हैं। राजनीतिक बयानबाज़ी और दुनिया भर के तनावों ने विद्वानों को सुरक्षा के लिए ख़तरा बनाकर पेश कर दिया है। चीनी नागरिकों पर कड़ी नज़र रखी जाती है; दक्षिण एशिया, पूर्वी यूरोप और अफ़्रीका से आए लोग वीज़ा में देरी और रिसर्च तक सीमित पहुँच झेलते हैं। संदेश दबी ज़बान में है, पर साफ़ है: आपका स्वागत है, लेकिन आप पर पूरा भरोसा नहीं।
यह सिलसिला नया नहीं है। दूसरे विश्व युद्ध के नज़रबंदी कैंपों में जापानी-अमेरिकी छात्रों से लेकर शीत युद्ध की ब्लैकलिस्टों तक, और 9/11 के बाद मुस्लिम छात्रों की निगरानी तक.... इतिहास दिखा चुका है कि डर की क़ीमत क्या होती है। आज अमेरिका ने छात्र वीज़ा के अपॉइंटमेंट रोक दिए हैं और सोशल मीडिया की जाँच और बढ़ाने की तैयारी में है।
यह क़ीमत असली है। जब शोधकर्ता दूसरे देश चुनते हैं, तो अमेरिकी लैब पिछड़ जाती हैं। ये कोई बैकअप वर्कफ़ोर्स नहीं, यही तो बौद्धिक धुरी हैं। और दूसरे देश अब सिर्फ़ वीज़ा नहीं दे रहे.... वे उन पर यक़ीन भी कर रहे हैं।
दाँव छात्रों की ज़िंदगी से कहीं आगे तक जाता है। जब किसी ग्रेजुएट को देश छोड़ना पड़ता है, तो वह अपने साथ वह कंपनी भी ले जाता है जो वह शुरू कर सकता था, वह मेडिकल खोज भी जो शायद उसके हाथों होती, और वे नौकरियाँ भी जो वह पैदा करता। यह कोई हवाई बात नहीं। यही बॉस्टन की बायोटेक, मिडवेस्ट की मेडटेक और आने वाले कल की इंडस्ट्रीज़ की कहानी है।
इन छात्रों को राष्ट्रीय संपत्ति कहना सच है, पर अधूरा। वे अमेरिकी कहानी का हिस्सा इसलिए नहीं कि वे क्या देते हैं, बल्कि इसलिए कि वे कौन हैं: मौक़ों की तलाश में निकले, जिज्ञासा से भरे लोग, जो उस देश में अपनी ज़िंदगी बना रहे हैं जिसकी पहचान लंबे समय से संभावनाओं की धरती के रूप में रही है।
हाँ, राष्ट्रीय सुरक्षा मायने रखती है। जासूसी के मामले होते हैं। लेकिन सिर्फ़ डर से बनी नीतियाँ शायद ही कभी तरक़्क़ी लाती हैं।
अमेरिका इस यक़ीन पर बना था कि प्रतिभा कहीं से भी आ सकती है। हम आज भी इस पर यक़ीन करते हैं या नहीं...... यही तय करेगा कि आगे क्या होगा।
((Z))